June 22, 2025

मंगलौर में समान नागरिक संहिता कानून पर धन्यवाद रैली, मुख्यमंत्री ने ट्रैक्टर चलाकर की शिरकत

हरिद्वार (कपिल कुमार) । उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लागू होने के उपलक्ष्य में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में भव्य धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। रैली मार्ग पर हेलीकॉप्टर से आम जनता पर पुष्प वर्षा की गई।रैली का आयोजन चौधरी ओमपाल ढाबा, लिब्बरहेड़ी से स्वीटी फार्म, लिब्बरहेड़ी तक किया गया। मुख्य जनसभा महाराजा महेन्द्र प्रताप स्नातक महाविद्यालय के खेल मैदान, नारसन में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री का स्वागत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने इसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों की पूर्ति बताया और कहा कि यह कानून सभी धर्मों और वर्गों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि यह रैली उनके लिए नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के सम्मान में आयोजित हुई है।मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख की गई है। गेहूं पर ₹20 प्रति कुंतल बोनस और गन्ने के रेट में ₹20 की वृद्धि की गई है। 14,000 करोड़ की लागत से 7 नई परियोजनाओं की शुरुआत हो रही है और बागवानी क्षेत्र में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। हरिद्वार भूमि घोटाले में शामिल आईएएस और पीसीएस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की गई है।मुख्यमंत्री ने मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिए नई घोषणाएं भी कीं। ग्राम लिब्बरहेड़ी में महाराजा सूरजमल के नाम से खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सर्की रजवाहे की पटरी को मंगलौर से लंढौरा बाईपास (हरचंदपुर पुल) तक पक्की सड़क में बदला जाएगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर एवं गद्दा भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।जनसभा में भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति रही, जिसने गर्मी के बावजूद उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *